दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह पहुंचे रांची : लोहरदगा में बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में होंगे शामिल, एयरपोर्ट पर किया गया भव्य स्वागत

Edited By:  |
diggaj cricketer harbhajan singh pahunche ranchi diggaj cricketer harbhajan singh pahunche ranchi

रांची : बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होने के लिए भारत के दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह गुरुवार को रांची पहुंचे. रांची एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया. लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बुके और अंगवस्त्र देकर उनका अभिनंदन किया.

इस अवसर पर उनके सुपुत्र हर्षित साहू ने भी हरभजन सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. इस मौके पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

एयरपोर्ट पर समर्थकों और क्रिकेट प्रेमियों की उत्साहित भीड़ ने‘भज्जी-भज्जी’के नारों से उनका स्वागत किया. हरभजन सिंह ने भी हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और टूर्नामेंट के आयोजन की सराहना की. उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में इस तरह के क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.

लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट पिछले कई दिनों से रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना हुआ है. जिले के बीएस कॉलेज मैदान में खेले जा रहे इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है. समापन समारोह 13 फरवरी को आयोजित होगा,जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा.

धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि हरभजन सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना होगा. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है. समापन समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है और आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.