अफीम की खेती पर जीरो टॉलरेंस : विनष्टीकरण अभियान तेज, चतरा में हुई उच्च स्तरीय बैठक, आईजी व डीआईजी थे शामिल
चतरा:-चतरा में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने तथा इसके विनष्टीकरण अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीआईडी के आईजी असीम विक्रांत मिंज ने की। उनके साथ आईजी बोकारो सुनील भास्कर भी मौजूद थे। बैठक में चतरा और हजारीबाग पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

सीआईडी आईजी ने कहा कि अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह समाप्त करना सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कड़ाई से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैठक में जिले में चल रहे विनष्टीकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही पिछले वर्षों के मामलों की भी जांच-पड़ताल कर आगे की रणनीति तय की गई।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चतरा जिले से नवंबर महीने में ही बड़े स्तर पर विनष्टीकरण की शुरुआत की गई थी। जिसके अंतर्गत27हजार एकड़ में अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया था। इस वर्ष भी अभियान का शुभारंभ हो चुका है और उसी व्यवस्थित तरीके से खेतों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अफीम की खेती या इससे जुड़े किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नारकोटिक्स मामलों को लेकर सरकार अत्यधिक गंभीर है।

इसी कड़ी में चतरा जिले में एक व्यक्ति की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है,जबकि सात से आठ अन्य संदिग्धों की संपत्ति चिन्हित की जा रही है। आईजी ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में शामिल सफेदपोश लोगों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में साइबर सुरक्षा और साइबर फ्रॉड को लेकर भी विशेष चर्चा की गई।





