Hindi News / डिजिटल पेमेंट की समस्याओं पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिले व्यापारी -...

DELHI NEWS : डिजिटल पेमेंट की समस्याओं पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिले व्यापारी - अशोक वर्मा

Edited By:  |
delhi news delhi news

DELHI : बाजारों में डिजिटल पेमेंट को लेकर कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं. कई बार सामान पसंद आने के बावजूद भुगतान नहीं हो पा रहा है. इससे दुकानदार और ग्राहक दोनों मुश्किलें झेल रहे हैं. इस संदर्भ में लोजपा (आर) व्यवसायिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से सोमवार को दिल्ली में मुलाकात की है.

अशोक वर्मा ने बताया कि भारत में एक व्यापारी किसी भी ग्राहक से दिन में 2 लाख रुपये से ऊपर का कैश नहीं ले सकता. वहीं, UPI से पेमेंट लेता है, तो 24 घंटे में 1 लाख रुपये से ऊपर की ट्रांजेक्शन नहीं हो सकती. इससे ज्यादा रकम के भुगतान के लिए ग्राहक अपने सेविंग अकाउंट से नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (NEFT) और रियल-टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) में बेनिफशरी जोड़ता है, तो 24 घंटे का समय लग जाता है. अब व्यापारी चाहते हैं कि यही बेनिफशरी जुड़ने का समय अधिकतम आधा घंटा हो, जिसमें पेमेंट की कोई लिमिट नहीं रहे. इससे तुरंत ग्राहक अपने पसंद के सामान का भुगतान कर सकेगा. व्यापारी और ग्राहक दोनों का काम आसान हो जाएगा.

वर्मा ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था में एक ग्राहक दूसरे शहर में खरीदारी करने जाता है और पेमेंट में अड़चन आती है, तो यह जरूरी नहीं कि वो अगले दिन फिर से बाजार पहुंचे. ये परेशानी ज्वेलरी, फर्नीचर, टाइल, पत्थर, ब्रैंडिड कपड़े, होम अप्लायंसेज, हाई-एंड फिटनेस उपकरण और बिजली के सामान आदि सेक्टर के व्यापारियों की है. मीटिंग में चिराग पासवान ने भरोसा दिया कि वो ट्रेडर्स की दिक्कतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान करवाएंगे. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से पूरा प्रेजेंटेशन मांगा है. बैठक में aijgf के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा,दिल्ली से राकेश मलिक, लखनऊ से लोजपा (आर) व्यावसायिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष वर्मा, राष्ट्रीय महासचिव अजय वर्मा और राजेश मोहन सोनी भी शामिल रहे.

अंकिता की रिपोर्ट--