सीएम हेमंत ने किया कृषि मेला का उद्घाटन : मोरहाबादी मैदान में तीन दिवसीय मेले में जुटने लगी भीड़
रांची:झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 का मंगलवार को उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कृषि व्यापार मेले का शुभांरभ किया. 16 से 18 जून तक राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में मेले का आयोजन किया गया है. इस मेले की अध्यक्षता कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की कर रहीं है. कृषि व्यापार मेले में कृषि यंत्रों का प्रदर्शन कृषि व्यावहारिक कार्यशालाएं कृषि तकनीकी प्रदर्शनी कृषि विशेषज्ञों से सीधी बात खरीदार विक्रेता के बीच व्यापारिक संवाद होगा. वहीं, मंच पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका सिंह पांडे, सांसद महुआ माजी सहित तमाम गणमान्य मौजूद रहे.इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम स्थल पर पेड़ लगाया.
हम सभी को कृषि पद्धति पर गर्व होना चाहिए-सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सबसे कहा कि हमारा भारत देश एक कृषि प्रधान देश है. सीएम ने कहा कि कृषि एक ऐसा क्षेत्र जहां ना कोई जात देखता है ना कोई धर्म. हम सभी को कृषि पद्धति पर गर्व होना चाहिए. हमारे किसान आज जो प्रतिस्पर्धा है उसमें अपने आप को कैसे फिट कर सके उसका यह प्रयास है. यहां 80 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर है. हेमंत सोरेन ने ये भी कहा कि कम पानी में अधिक समय तक कैसे खेती की जाए इस पर सोचना होगा. किसान अपने खेतों ओर जल संचय के लिए कार्य करना शुरू कर दे. उन्होंने कहा कि आपदा से बचने के लिए जल संचय जरूरी है. पानी को लेकर आने वाले समय में बहुत बड़ी चुनौती आने वाली है.
आज के समय में जंगलों को उजाड़ा जा रहा
सीएम ने कहा कि आज के समय में सड़क उद्योग के नाम पर जंगलों को उजाड़ा जा रहा है. उसके अनुपात में वृक्षारोपण का कार्य चीटियों के चाल से भी कम हो गई है. जब पानी होगा पेड़ होगा तभी लोग बच सकेंगे. जब तक इंसान है खेती बाड़ी चलेगी. आज लोग कॉरपोरेट की नौकरी छोड़कर किसानी कर रहे हैं.
मेले में राज्यभर के किसान लेंगे हिस्सा
वहीं,तीन दिवसीय मेले में कृषि, पशुपालन, सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और सरकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा. मेले में राज्यभर के किसान, कृषि उद्यमी, स्वयं सहायता समूह और कृषि विशेषज्ञ भाग ले रहे. इस आयोजन का उद्देश्य है किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना.





