गढ़वा: बड़ी खबर गढ़वा से है जहां जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शातिर अपराधियों के गिरोह को पकड़ने में सफलता पाई है. पुलिस ने अवैध हथियार के साथ 3 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है,जबकि एक अपराधी फरार हो गया.

बताया जा रहा है कि पकड़े गये आरोपियों में राकेश विश्वकर्मा भी शामिल है,जिसने हाल ही में रमकंडा के अंचलाधिकारी (सीओ) अनील रविदास और थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटीया को जान से मारने की धमकी दी थी.

एसडीपीओ ने मंगलवार को बताया कि12जुलाई को रमकंडा के अंचलाधिकारी अनिल रविवास ने उन्हें मौखिक रूप से जानकारी दी थी कि उन्हें मोबाइल नंबर8839548330से लगातार फोन कर गाली-गलौज और हत्या की धमकी दी जा रही है. यही धमकी बाद में थाना प्रभारी को भी उसी नंबर से दी गई. जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला राकेश विश्वकर्मा,ग्राम फकीराडीह,थाना भंडरिया का निवासी है. वह पूर्व में नक्सली मामलों और अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल जा चुका है और लगातार समाज व प्रशासन पर नक्सली प्रभाव का भय दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश करता रहा है. पुलिस को सूचना मिली कि राकेश विश्वकर्मा अपने तीन साथियों के साथ रक्सी मोड़ के पास सुनसान इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कुंटिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही चारों युवक भागने लगे,लेकिन मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया,जबकि एक फरार हो गया.