Hindi News / महामंत्रियों को सौंपा संभाग का दायित्व,जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने पर मंथन

बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने की बैठक : महामंत्रियों को सौंपा संभाग का दायित्व,जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने पर मंथन

Edited By:  |
bjp adhyaksh sanjay sarawgi ne ki baithak bjp adhyaksh sanjay sarawgi ne ki baithak

पटना: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में सोमवार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में नव नियुक्त प्रदेश महामंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई.

बैठक में प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, डॉ. प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक और राजेश झा उपस्थित रहे. प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नव नियुक्त महामंत्रियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है,जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही बीजेपी की सफलता का आधार है और आने वाले समय में प्रत्येक पदाधिकारी को कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना होगा.

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन की है. इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना अत्यंत आवश्यक है.

बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, प्रशिक्षण गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों तथा विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के साथ समन्वय को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करना है.

बैठक में महामंत्रियों को संभाग का दायित्व सौंपते हुए उन्हें संभाग प्रभारी बनाया गया. महामंत्री धनराज शर्मा को जहां मिथिला और तिरहुत संभाग के प्रभारी बनाया गया. वहीं, नितिन अभिषेक को मगध और शाहाबाद, सरोज रंजन पटेल को चंपारण और सारण,राजेश झा को भागलपुर, कोशी और सीमांचल का सम्भाग प्रभारी बनाया गया. महामंत्री प्रीति शेखर को पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा संभाग की जिम्मेदारी दी गयी है.

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति दी जाएगी और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी समन्वित रूप से कार्य करेंगे. बीजेपी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर पार्टी बिहार में और अधिक मजबूत होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी.