Hindi News / तेजस्वी के ‘अंगूठा छाप’ बयान पर BJP का पलटवार, राबड़ी शासन को बताया...

BIHAR POLITICS : तेजस्वी के ‘अंगूठा छाप’ बयान पर BJP का पलटवार, राबड़ी शासन को बताया बिहार का ‘काला अध्याय’

Edited By:  |
bihar politics bihar politics

पटना: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर की गई टिप्पणी के बाद भाजपा ने कड़ा जवाब दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को प्रेस से बातचीत में राजद और उसके राजनीतिक इतिहास पर निशाना साधा है.

संजय सरावगी ने कहा कि सम्राट चौधरी पर टिप्पणी करने से पहले राजद को अपने अतीत को देखना चाहिए. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल को बिहार के इतिहास का“काला अध्याय”बताते हुए कहा कि जिस दिन राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी,वह बिहार के लिए काला दिन था.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उस समय ऐसी महिला को मुख्यमंत्री बनाया गया था जिन्हें अपना नाम तक लिखना नहीं आता था. उन्होंने कहा कि शिक्षा और ज्ञान की ऐतिहासिक भूमि बिहार,जहां नालंदा विश्वविद्यालय और चाणक्य जैसी महान विभूतियों की विरासत रही है,वहां मुख्यमंत्री पद पर ऐसे व्यक्ति को बैठाना दुर्भाग्यपूर्ण था.

सरावगी ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव अपने परिवार के राजनीतिक इतिहास को भूल गए हैं. उन्होंने राजद पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी आज भी परिवार केंद्रित सोच से बाहर नहीं निकल पाई है. भाजपा नेता के अनुसार,राजद विकास और सुशासन के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों की राजनीति कर रहा है.

गौरतलब है कि हाल ही में तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर टिप्पणी की थी,जिसके बाद भाजपा और राजद के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. दोनों दलों के नेताओं के बयानों से बिहार का सियासी माहौल गरमा गया है. आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस तरह की बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--