छात्रों के प्रदर्शन के बाद एक्शन में सरकार : पूरे बिहार में बढ़ी चौकसी,अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश
पटना: राजधानी पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अलर्ट जारी कर दिया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही संबंधित जिले के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचेंगे और स्थिति को नियंत्रित करेंगे। साथ ही हर महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी तत्काल पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल या अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस साइबर सेल को अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट साझा करने या गलत सूचना प्रसारित करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को असामाजिक और उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संभावित तनावपूर्ण स्थिति से पहले ही निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा है। जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी रखने और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था और सामान्य जनजीवन प्रभावित न होने पाए।





