Hindi News / सोनू सूद और अनंत सिंह की वीडियो कॉल चर्चा में, मुंबई बुलावा और...

BIHAR NEWS : सोनू सूद और अनंत सिंह की वीडियो कॉल चर्चा में, मुंबई बुलावा और लिट्टी-चोखा की दिलचस्प बातचीत वायरल

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह बनी है बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के साथ उनकी वीडियो कॉल पर हुई बातचीत की. दोनों के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है.


जानकारी के मुताबिक,सोनू सूद ने अनंत सिंह से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उन्हें मुंबई आने का न्योता दिया. बातचीत के दौरान सोनू सूद ने कहा, “मुंबई आइए ना हमारे पास”,जिस पर अनंत सिंह ने भी सहज अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “आ जाएंगे।”इस दौरान माहौल हल्का-फुल्का और दोस्ताना बना रहा,जिसे लोगों ने काफी पसंद किया.


बातचीत यहीं नहीं रुकी. सोनू सूद ने आगे कहा कि वह खुद भी अनंत सिंह के यहां आने की इच्छा रखते हैं और खास तौर पर उनके घर का मशहूर लिट्टी-चोखा खाना चाहते हैं. इस पर अनंत सिंह ने हामी भरते हुए उनका स्वागत करने की बात कही. दोनों के बीच इस तरह की सहज बातचीत ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है.


यह पहली बार नहीं है जब सोनू सूद ने अनंत सिंह की तारीफ की हो. इससे पहले भी एक पॉडकास्ट में सोनू सूद ने उनके व्यक्तित्व और बेबाक अंदाज की खुलकर सराहना की थी. उन्होंने कहा था कि अनंत सिंह की पर्सनैलिटी काफी अलग है और उनका बोलने का अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है.


अनंत सिंह अपने बेबाक बयानों और अलग अंदाज के लिए पहले से ही सुर्खियों में रहते हैं. अब सोनू सूद के साथ उनकी यह बातचीत एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ले आई है. वीडियो वायरल होने के बाद सियासी गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--