BIHAR NEWS : पटना नगर निगम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती
Patna : पटना नगर निगम मुख्यालय में भारत रत्न,संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने निगम के अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर बाबासाहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई. इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबासाहेब के जीवन,संघर्ष और उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया. कार्यक्रम में निगम के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर नगर आयुक्त ने कहा कि बाबासाहेब का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि बाबासाहेब के विचारों को केवल जयंती समारोह तक सीमित न रखें,बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यशैली में भी अपनाएं. उन्होंने कहा कि जनसेवा,पारदर्शिता,ईमानदारी,अनुशासन और स्वच्छता के प्रति समर्पण ही बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने,समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा जनहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट---





