BIHAR NEWS : पटना में प्रतिदिन भयंकर सड़क जाम को लेकर हाईकोर्ट में हुई जनहित याचिका दायर
Patna : पटना के जीरो माईल चौराहा पर प्रतिदिन होने वाले भयंकर जाम से निजात दिलाने और इस समस्या का स्थायी निदान निकालने के लिए पटना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है. ये जनहित याचिका राजीव रंजन सिंह ने दायर की है.
उन्होंने अपनी जनहित याचिका में बताया है कि पटना जीरो माईल चौराहा पर होने वाले जाम के कारण स्थानीय नागरिकों व वहां आने जाने वाले लोगों के लिए काफी कठिनाई होती है. बड़े वाहनों के उल्टा पुलटा लगाने से बहुत जाम हो जाता है.
उन्होंने अपने याचिका में बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और गलत ढंग से बडे वाहनों के पार्किंग से यह समस्या उत्पन्न हुई है. यह समस्या लगातार बढती जा रही है,जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड रहा है.
उन्होंने बताया कि इस समस्या के सम्बन्ध में वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया गया,लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम प्राप्त नहीं हुआ. अपनी याचिका में बताया गया कि इस सन्दर्भ में सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट में कोई याचिका नहीं दायर की गई है.
लेकिन ये समस्या सिर्फ पटना जीरो माईल चौराहा का ही नहीं है,बल्कि पूरे पटना शहर का है. इस सन्दर्भ में पटना हाईकोर्ट में जनहित याचिकाएं दायर की गई. कोर्ट ने समय समय पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए आदेश और सुझाव दिए,लेकिन नतीजा शून्य रहा.
इतने फ्लाई ओवर बने,नये सड़कों का निर्माण हुआ और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार ट्रैफिक व्यवस्था बदला गया,लेकिन ट्रैफिक की समस्या का कोई ठोस परिणाम नहीं दिखा.
पटना के राजेन्द्रनगर टर्मिनल के सामने जो जाम लगता है,उससे आम लोग बुरी तरह से परेशान होते हैं. वहां जो सड़क में गढ्ढे पड़े हैं,वहां दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है.
पटना जंक्शन के पास भी जाम की भीषण समस्या है. पीक आवर में तो भीड़ और जाम होता ही है,लेकिन ऐसे भी वहां जाम भयंकर होता. पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड होती है. कई लोगों को ट्रैफिक जाम के कारण ट्रेन भी छूट जाती है.
इस तरह पटना शहर में कई ऐसे क्षेत्र हैं,जहां ट्रैफिक की अव्यवस्था के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट--





