शेखपुरा : जिला 20 सूत्री समन्वय समिति की बैठक शनिवार को हुई. बैठक में जिले के एक हिस्से में बाढ़ तथा कई क्षेत्रों में पेयजल का मुद्दा हावी रहा. राज्य के पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शेखपुरा के विधायक विजय सम्राट तथा समिति के अन्य सदस्यों के साथ जिलाधिकारी आरिफ अहसान व अन्य विभागों के पदाधिकारी भी शामिल हुए.

शेखपुरा में मंत्री राजू कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला 20 सूत्री समन्वय समिति की हुई बैठक

इस बैठक से कई महत्वपूर्ण सदस्य अनुपस्थित रहे. फोन पर जानकारी लेने पर ऐसे कई सदस्यों ने बताया कि अल्प समय में सूचना के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो पाए. इधर बैठक की समाप्ति पर मंत्री राजु कुमार सिंह ने बताया जिला में 20 सूत्री के सभी अवयवों पर बढ़िया काम हो रहा है. बैठक में पेयजल की समस्या को लेकर कई सदस्यों ने मामला उठाया. इसको लेकर जिलाधिकारी को पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता के साथ अलग से विशेष बैठक करके गांव-टोलों में पेयजल की समस्या को चिह्नित करके उसे दूर करने का निर्देश दिया गया है. इधर बैठक में कई सदस्यों ने जिला के घाटकुसुंभा प्रखंड में बाढ़ की समस्या पर सरकार की दोहरी नीति का मुद्दा उठाया.

शेखपुरा में मंत्री राजू कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला 20 सूत्री समन्वय समिति की हुई बैठक

जिला 20 सूत्री के सदस्य रालोमो के जिलाध्यक्ष पप्पू राज मंडल ने बताया एक ही नदी के पानी से आई आपदा में सरकार घाटकुसुंभा को जलजमाव वाला क्षेत्र बताकर बाढ़ राहत से लोगों को वंचित रखा जाता है तथा नदी से उस पार लखीसराय जिला के क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित बताकर वहां राहत सामग्री के साथ रुपए भी बांटे जाते हैं. इस मुद्दे पर मंत्री ने अपनी तरफ से कोई ठोस पहल करने के बजाय जिलाधिकारी को इसे देखने का निर्देश दिया.

शेखपुरा में मंत्री राजू कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला 20 सूत्री समन्वय समिति की हुई बैठक

शेखपुरा से धर्मेन्द्र कुमार की रिपोर्ट--