BIHAR NEWS : विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू, भरत तिवारी, राबड़ी आवास और लालू यादव की सुरक्षा पर हंगामे के आसार
पटना: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र20जुलाई से शुरू होकर25जुलाई तक चलेगा. छह दिनों के इस सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक और अनुपूरक बजट सदन में पेश कर सकती है. वहीं विपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है, जिससे सदन में तीखी नोकझोंक और हंगामे के आसार हैं.
विपक्ष का मुख्य फोकस भरत तिवारी प्रकरण, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर उठे विवाद और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर रहेगा. विपक्ष इन मामलों में सरकार से जवाब मांगने की रणनीति बना रहा है. इसके अलावा कानून-व्यवस्था, बाढ़ की स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे भी सदन में जोर-शोर से उठाए जाने की संभावना है.
सरकार की ओर से सत्र के दौरान विकास योजनाओं, वित्तीय प्रस्तावों और विभिन्न विभागों से जुड़े विधेयकों को सदन की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा. सत्ता पक्ष का दावा है कि वह विपक्ष के सभी सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में प्रश्नकाल, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण और गैर-सरकारी संकल्प के दौरान सदस्यों को जनहित के मुद्दे उठाने का अवसर मिलेगा. मानसून सत्र को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए यह मानसून सत्र काफी अहम रहेगा. सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश करेगा, जबकि विपक्ष जनसरोकार के मुद्दों और हाल के विवादों को लेकर सरकार को घेरने का पूरा प्रयास करेगा. ऐसे में सदन की कार्यवाही के दौरान कई अहम बहसें और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकते हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





