BIHAR NEWS : गयाजी में विधायकों को सीएम सम्राट चौधरी की नसीहत, बोले- जनता की आवाज बनिए
गयाजी : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी में आयोजित विधायक प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया. उन्होंने कहा कि लाखों लोग विधानसभा तक अपनी बात लेकर नहीं पहुंच सकते, इसलिए वे अपने विधायक पर भरोसा करते हैं. जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाएं और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करें.
सम्राट चौधरी ने कहा कि विधायक केवल कानून बनाने तक सीमित नहीं हैं,बल्कि सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है. जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और उनके मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना हर विधायक की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है,जब जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के लोगों से लगातार जुड़े रहें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं.
उन्होंने विधायकों से सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाने,तथ्यों के साथ अपनी बात रखने और विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी करने की भी अपील की. सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों को चुना है,उस विश्वास को बनाए रखना हर विधायक का कर्तव्य है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायकों को संसदीय परंपराओं, सदन की कार्यप्रणाली और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के तरीकों की भी जानकारी दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और जवाबदेही से ही सुशासन की अवधारणा मजबूत होगी और लोकतंत्र में जनता का भरोसा और बढ़ेगा.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





