BIHAR NEWS : महावीर मंदिर - महावीर आरोग्य संस्थान का बनेगा नया भवन, वात्सल्य अस्पताल के नीकू में बढ़ेगी बेडों की संख्या
पटना : महावीर मंदिर अब सेवा का पर्याय बन चुका है. सोमवार को महावीर स्थान न्यास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बीएन अग्रवाल ने की. बैठक का शुभारंभ स्वर्गीय पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए किया गया.
बैठक में महावीर आरोग्य संस्थान में एक अत्याधुनिक भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया. यह भी निर्णय लिया गया कि महावीर कैंसर संस्थान के डी-ब्लॉक का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा. इसके पूर्ण होने के पश्चात महावीर कैंसर संस्थान में बिस्तरों की संख्या के आधार पर भारत का सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल बन जाएगा. बैठक में आचार्य किशोर कुणाल बाल कैंसर अस्पताल के निर्माण कार्य को तेज करने का भी निर्णय लिया गया. साथ ही नए पेट सिटी (पीईटी) स्कैन मशीन एवं लीनियर एक्सीलरेटर की खरीद की स्वीकृति दी गई. कैंसर अस्पताल के विभिन्न विभागों में डीएनबी के (पीजी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने और कुछ विभागों में डीएनबी कोर्स में सीट बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया. वैसे डीएनबी की पढ़ाई शुरू है. साथ ही साथ बैठक में विराट रामायण मंदिर परियोजना की प्रगति की मासिक समीक्षा नियमित रूप से करने का निर्णय लिया गया. महावीर वात्सल्य अस्पताल में 10 नए नीकू बेड जोड़े जाएंगे, जिससे नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी. राम रसोई, सीता रसोई, विष्णु रसोई एवं दरिद्रनारायण भोज जैसी सेवा योजनाएं निरंतर जारी रहेंगी. बैठक के अंत में महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
बैठक में महावीर मंदिर की विभिन्न कल्याणकारी परियोजनाओं,स्वास्थ्य सेवाओं जैसे विभिन्न अस्पताल,मंदिर के विकास से संबंधित विस्तार से चर्चा हुई. खासकर इस बार के बजट में पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर,फुलवारीशरीफ में 18 साल तक के कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए 100 बेड का आचार्य किशोर कुणाल बाल कैंसर अस्पताल और मंदिर द्वारा संचालित अस्पतालों पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसकी पुष्टि श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने की. बैठक में सचिव सायण कुणाल के अलावा श्री महावीर स्थान न्यास समिति के प्राय:सभी सदस्य मौजूद थे.
महावीर मंदिर का आय का श्रोत...
-आय का मुख्य श्रोत नैवेद्यम लड्डू और भक्तों से दानपात्र में मिलने वाला दान
मंदिर की गतिविधियां...
महावीर मंदिर की ओर से विभिन्न सेवामूलक गतिविधियां नियमित चलाई जाती है. इनमें अयोध्या में राम रसोई,सीतामढ़ी में सीता रसोई और महावीर मंदिर में दरिद्र नारायण भोजन शामिल है. अयोध्या के राम रसोई में प्रतिदिन 8000 से 10,000 लोगों को निःशुल्क भोजन कराया जाता है. इसके अलावा मंदिर द्वारा विभिन्न नौ अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है. जिसमें महावीर कैंसर संस्थान,महावीर आरोग्य संस्थान,महावीर वात्सल्य अस्पताल,महावीर हॉर्ट अस्पताल,महावीर नेत्रालय,महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल आदि शामिल है. इन अस्पतालों में मरीजों का काफी कम खर्च में इलाज,सर्जरी आदि की सुविधा है.
महावीर कैंसर संस्थान में 18 साल तक के कैंसर पीड़ित बच्चों का निःशुल्क इलाज की व्यवस्था है. साथ ही साथ इन मरीजों को भोजन भी निःशुल्क दिया जाता है. इसके अलावा पूर्वी चंपारण में विराट रामायण मंदिर फुलवारीशरीफ में 100 बेड का कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है.
बुजुर्गों के लिए 10 रुपए में रजिस्ट्रेशन...
इसके अलावा राजीवनगर स्थित महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन जीवन भर के लिए 10 रुपए में किया जाता है. यानि 10 रुपए देकर कोई बुजुर्ग रजिस्ट्रेशन कराते हैं तो उन्हें भविष्य में कभी इलाज की जरूरत पड़ने पर रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी. साथ ही साथ उन्हें रियायत दर पर इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. सुविधाओं में ओपीडी, इंडोर और सर्जरी की भी सुविधा बहाल कर दी गई है. वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में नार्मल और सिजेरियन प्रसव कराने की भी व्यवस्था है.





