Hindi News / मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारियों को दिए प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर...

BIHAR NEWS : मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारियों को दिए प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर लगाने के निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: ग्राम और नगर पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविर के तर्ज पर ही अब राज्य के सभी534प्रखंडों में भी सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस दिशा में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र लिखा है. इस पत्र में कहा है कि ग्राम और नगर पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर नियमित रूप से जारी रहेंगे. केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से16जून से18जून तक प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा.

उन्होंने पत्र में कहा है कि शिविर में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, लखपति दीदी, वीबी जी राम जी, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान/छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना, बीओसीडब्ल्यू-निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड एवं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना आदि को शामिल किया जाएगा.

मुख्य सचिव ने पत्र में शिविर में आने वाली जनता की सहूलियत में आवश्यक सभी सुविधाओं को लागू करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कहा है कि प्रत्येक दिन शिविर की समाप्ति पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उसी दिन शाम सात बजे तक गुगल फार्म के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करेंगे.

इधर, मुख्य सचिव के पत्र को गंभीरता से लेते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेन्दर ने भी जिला पदाधिकारियों को पत्र भेजा है.13जून को जारी इस पत्र में कहा गया है कि16जून को पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविर के साथ-साथ प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा. साथ ही प्रासंगिक पत्र में निर्देशित व्यवस्थाएं भी की जाएगी. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन भी समानांतर रूप से होगा.

बता दें कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में लोगों की समस्यों का समाधान करने के लिए पिछले महीने से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर का ग्राम पंचायत स्तर पर पहला आयोजन 19 मई को किया गया था. इसके करीब एक सप्ताह बाद नगर पंचायत स्तर पर भी सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.