MADHUBANI : इस वर्ष रामनवमी का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है, जिलेभर के विभिन्न मंदिरों में उत्सव का माहौल है वहीं राम भक्तों द्वारा भव्य जुलूस और शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। इस विशेष अवसर पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती है, रामनवमी के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग, चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को पर्याप्त उपकरण और दवाइयों के साथ तैनात किया गया है। समाहरणालय स्थित जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र प्रसाद, लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
शहर से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, खुफिया विभाग के अधिकारी सुरक्षा की गोपनीय निगरानी कर रहे हैं और एसएसबी के जवान इंडो-नेपाल बॉर्डर पर चौकसी बढ़ाए हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस की गाड़ियां विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर पेट्रोलिंग कर रही हैं, रामनवमी की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन ने पहले ही विभिन्न क्षेत्रों में मार्च पास्ट कर जनता को सुरक्षा का विश्वास दिलाया है, अशांति फैलाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय किया गया है।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाध्यक्ष और थाना प्रमुखों को सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। सभी अधिकारियों को जुलूस और मेलों में कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया है, जिला प्रशासन रामनवमी के अवसर पर पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सख्ती से निपटने की चेतावनी दी गई है।

