BIHAR NEWS : समान प्रकृति के बिटुमिनस कार्यों के तहत बिटुनिमस कोल्ड मिक्स के कार्य भी मान्य, पथ निर्माण विभाग ने जारी किया अपना पक्ष
पटना :पथों के संधारण की दिशा में लॉन्ग टर्म आउटपुट एंड परफॉर्मेंस बेस्ड रोड एसेट्स मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (ओपीआरएमसी-थर्ड) टर्म को अपनाने और निविदा शर्त में अवांछित परिवर्तन किए जाने संबंधी मीडिया की खबरों पर पथ निर्माण विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है.
विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि समान प्रकृति के बिटुमिनस कार्यों के तहत बिटुमिनस (अलकतरा) कोल्ड मिक्स का कार्य भी मान्य है. पथ प्रमंडलाधीन किसी पैकेज विशेष में बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य किया जाना है तो पैकेज के निविदा दस्तावेज में बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य की वांछित विशिष्ट अनुभव की अर्हता को कंडिका 2.42 (बी) में पृथक रूप से सम्मिलित किया जाना है.
पत्र में यह भी कहा गया है कि पर्यावरण एवं वन विभाग की ओर से रोहतास और कैमूर अंतर्गत वन्यप्राणी आश्रयणी क्षेत्र और मुंगेर के भीमबांध वन्यप्राणी आश्रयणी क्षेत्र में वन के उन्नयन,संधारण के बिटुमिनस कार्य को कोल्ड मिक्स तकनीक से किया जाना है. यहां किसी प्रकार की अग्नि का प्रयोग वर्जित है. पथ प्रमंडल भभुआ,पथ प्रमंडल डेहरी ऑनसोन एवं पथ प्रमंडल मुंगेर के तहत वन पथों में बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य करने का प्रावधान है.
चूंकि बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य के लिए अलग प्लांट एवं मशीनरीज आदि का उपयोग निहित है, इसलिए वन्यप्राणी अंचल पटना की ओर से सशर्त अनुमति के अनुरूप बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य के लिए निविदा में संवेदकों से विशिष्ट अनुभव की अर्हता को पूर्ण किए जाने का प्रावधान किया गया है. ओपीआरएमसी-थर्ड के लिए जारी निविदा 100 अदद पैकेजों में राष्ट्रीय स्तर पर जारी की गई है. बिटुमिनस कोल्ड मिक्स कार्य मात्र तीन अदद पैकेजों में सम्मिलित है.





