BIHAR NEWS : चार नए लेबर कोड के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल का असर राजधानी पटना में भी साफ दिखा
पटना : राजधानी पटना में चार नए लेबर कोड के खिलाफ गुरुवार को मजदूरों ने देशव्यापी हड़ताल किया है. श्रमिक संगठन के नेता सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर लेकर 4 लेबर कोड रद्द करो और मजदूरों का गुलाम बनाना बंद करो जैसे नारे लगाए.
विभिन्न श्रमिक संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आवाज बुलंद की है. पटना में ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन द्वारा आयोजित जन कन्वेंशन में नेताओं ने हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नए लेबर कोड से मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे और रोजगार की सुरक्षा पर खतरा बढ़ेगा.
CPIMLके विधान पार्षद (MLC)शशि यादव ने सरकार की श्रम नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि फिक्स्ड टर्म रोजगार और सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों में कमी से युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होगा. उन्होंने कहा कि श्रमिकों की आवाज को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस मौके पर सड़क पर उतरे पूर्व विधायक ने भी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि चारों लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों का हनन है. यदि इन्हें वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.
हड़ताल को लेकर शहर में कई जगहों पर सभाएं और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





