Hindi News / पटना में BPSC TRE-4 के विज्ञापन के लिए छात्र नेता दिलीप ने किया...

BIHAR NEWS : पटना में BPSC TRE-4 के विज्ञापन के लिए छात्र नेता दिलीप ने किया अनशन

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : बीपीएससी टीआरई-4 की वैकेंसी नहीं आने से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी है. अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को टीआरई-4 के हजारों अभ्यर्थियों ने गर्दनीबाग धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आंदोलन किया.

छात्र नेता दिलीप कुमार अभ्यर्थियों के समर्थन में टीआरई-4 के विज्ञापन की मांग को लेकर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनशन पर बैठे. इस दौरान अन्न और जल दोनों का त्याग किया. दिलीप कुमार ने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी थी और 24 सितंबर 2024 को रिजल्ट भी आना था. लेकिन अभी तक विज्ञापन नहीं आया है. पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री के द्वारा कहा गया कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी. चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी कहा गया कि टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा. वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने कहा था कि 2025 में टीआरई-4 और 2026 में टीआरई-5 की परीक्षा आयोजित होगी. लेकिन अभी तक टीआरई-4 का विज्ञापन भी नहीं आया है.

बीपीएससी ने फरवरी द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई4का विज्ञापन जारी किया जाएगा. लेकिन अब58दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बार-बार टीआरई-4अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया. विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार टीआरई4की वैकेंसी की बात कर रहे थे लेकिन दूसरी तरफ बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद भी विज्ञापन जारी नहीं कर रही है. शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है. एक तरह से तो बीपीएससी द्वारा मुख्यमंत्री जी की छवि को धूमिल किया जा रहा है. मुख्यमंत्री जी का सम्मान करते हुए बीपीएससी को टीआरई4का विज्ञापन जारी करना चाहिए. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि अगर अतिशीघ्र विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो अगली बार लाखों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन करेंगे. अनशन के दौरान छात्र नेता दिलीप की तबीयत भी कुछ देर तक बिगड़ी थी. दो महिला अभ्यर्थी बेहोश हो गई और एक पुरुष अभ्यर्थी बेहोश हो गए जिन्हें गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद ठीक हुई. अनशन में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ प्रियंका पटेल,दीपक पाण्डेय सहित टीआरई-4के अभ्यर्थी अंशु, बबली,अनुपमा,नेहा परवीन,अभीश्री,आयुषी,प्रीति,साहबाज आलम,शंकर सुमन,रविरंजन,लव कश्यप,कमलेश,दीपक,भूपेश,अमित,दीपक भारती,आशुतोष,अभिजीत सहित हजारों अभ्यर्थी उपस्थित थे. शाम को जिला प्रशासन की तरफ से अधिकारी आए जिन्हें मुख्यमंत्री,शिक्षा मंत्री,शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और बीपीएससी अध्यक्ष के नाम से अलग-अलग चार मांग-पत्र/ ज्ञापन दिया गया.