BIHAR NEWS : बिहार स्टेट बार काउंसिल ने मनन कुमार मिश्रा के पक्ष में किया सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, इस्तीफे की मांग किया खारिज
पटना: लॉ छात्रों और बार काउंसिल ऑफ इंडिया से जुड़े हाल के विवाद को लेकर बिहार स्टेट बार काउंसिल ने बीसीआई के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है. काउंसिल ने उनके इस्तीफे की मांग को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मुट्ठी भर लोग सोशल मीडिया के जरिये मिश्रा के खिलाफ पूरी तरह गलत नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं.
बिहार स्टेट बार काउंसिल की 26 अगस्त,2026 को हुई जनरल बॉडी की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव संख्या- 141/2026 पारित किया गया. प्रस्ताव में कहा गया कि लॉ छात्रों और बार काउंसिल ऑफ इंडिया से संबंधित कुछ संवाद को लेकर हाल में विवाद उत्पन्न हुआ था,जिसने काफी ध्यान आकर्षित किया.
बाद में संबंधित कार्यवाही वापस लेकर बंद कर दी गई. बीसीआई चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने भी सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए लॉ छात्रों को किसी भी प्रकार से ठेस लगने के लिए माफी मांगी है.
काउंसिल ने कहा है कि बार के सदस्यों,विशेषकर युवा अधिवक्ताओं को अपने विचार और चिंताएं व्यक्त करने का पूरा अधिकार है. हालांकि,मतभेदों का समाधान संवाद और उचित संस्थागत मंचों के माध्यम से किया जाना चाहिए.
मौजूदा परिस्थितियों में मिश्रा द्वारा व्यक्त किए गए खेद और माफी को उसी भावना से स्वीकार किया जाना चाहिए,जिस भावना से उसे व्यक्त किया गया है.
प्रस्ताव में कहा गया कि बार हमेशा गरिमा,पारस्परिक सम्मान और मतभेदों के बाद आगे बढ़ने की भावना को महत्व देता रहा है. बिहार स्टेट बार काउंसिल ने मनन कुमार मिश्रा को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा है कि वे बिहार बार काउंसिल का बीसीआई में प्रतिनिधित्व करते हैं.
काउंसिल ने मिश्रा के इस्तीफे की मांग को भी पूरी तरह खारिज कर दिया. प्रस्ताव में कहा गया कि मुट्ठी भर लोगों द्वारा की जा रही इस्तीफे की मांग का कोई औचित्य नहीं है और सोशल मीडिया के माध्यम से मिश्रा के विरुद्ध एक गलत धारणा बनाने का प्रयास किया जा रहा है. बिहार स्टेट बार काउंसिल ने कानूनी पेशे और विधि शिक्षा के विकास में मिश्रा द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा है कि काउंसिल उनके प्रयासों को पूरी तरह स्वीकार और सम्मान करती है. प्रस्ताव के माध्यम से काउंसिल ने मिश्रा के साथ अपनी पूर्ण एकजुटता व्यक्त की है.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-





