BIHAR NEWS : बिहार में डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक को लेकर विवाद, 17 मई को BHSA की अहम बैठक में होगा बड़ा फैसला
पटना: राजधानी पटना में बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (BHSA)की राज्यस्तरीय कोर कमिटी की बैठक में डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर संभावित रोक को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. बैठक में चिकित्सकों ने सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध किया और स्पष्ट कहा कि बिना किसी पूर्व वार्ता या सहमति के ऐसा निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा.
संघ ने इसे डॉक्टरों के अधिकारों की अनदेखी बताया और कहा कि सरकार को कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले चिकित्सकों को विश्वास में लेना चाहिए. बैठक में केवल निजी प्रैक्टिस का मुद्दा ही नहीं,बल्कि डॉक्टरों से जुड़ी कई लंबित मांगों को भी जोरदार तरीके से उठाया गया.
इन मांगों में गृह जिले में पोस्टिंग,चिकित्सकों के लिए आवास की व्यवस्था,अस्पतालों में सुरक्षा सुनिश्चित करना,पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराना और लीव रिजर्व पोस्ट की स्वीकृति शामिल हैं. इसके अलावा पोस्टमार्टम कार्य के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की बहाली और सरकारी कार्यों के लिए वाहन सुविधा की मांग भी दोहराई गई.
संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर वेतन रोकना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा. योग्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति में अतिरिक्त अंक देने की मांग भी बैठक में उठाई गई.
आगे की रणनीति तय करने के लिए 17 मई 2026 को राज्यस्तरीय जनरल बॉडी मीटिंग सह महासम्मेलन बुलाया गया है. संघ के प्रवक्ता ने कहा कि सरकार यदि संवाद के जरिए समाधान नहीं करती है,तो संगठन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





