Hindi News / गोपालगंज के पुष्पा को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, नवाचार से बच्चों को पढ़ाने...

BIHAR NEWS : गोपालगंज के पुष्पा को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, नवाचार से बच्चों को पढ़ाने वाली पुष्पा प्रसाद का बढ़ा मान

Edited By:  |
bihar news bihar news

गोपालगंज: बिहार के लिए आज गौरव का दिन है. राज्य के गोपालगंज जिले के महिला शिक्षिका पुष्पा प्रसाद को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026से सम्मानित किया गया है. नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बिहार की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजा.

पुष्पा प्रसाद ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने बेहतर काम और समर्पण से अलग पहचान बनाई है. लेकिन आज हम आपको खास तौर पर गोपालगंज की उस शिक्षिका की कहानी दिखाएंगे, जिन्होंने बच्चों को सिर्फ किताबों के जरिए नहीं, बल्कि नवाचार और अलग-अलग प्रयोगों के माध्यम से पढ़ाई को आसान और रोचक बनाया.

गोपालगंज के कुचायकोट स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद के लिए पढ़ाना सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का मिशन रहा है.

कहीं बच्चों को गतिविधियों के जरिए पढ़ाया जा रहा है, तो कहीं आसपास मौजूद चीजों को ही पढ़ाई का माध्यम बनाया गया. कठिन विषयों को आसान भाषा और प्रयोगों के जरिए समझाने की कोशिश की गई.

पुष्पा प्रसाद का मानना रहा कि अगर पढ़ाई को बच्चों की रुचि से जोड़ दिया जाए, तो सीखना उनके लिए बोझ नहीं, बल्कि एक आनंद बन जाता है.

इसी सोच के साथ उन्होंने कक्षा में कई तरह के नवाचारों को अपनाया. बच्चों को केवल किताब पढ़ने और जवाब लिखने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें सवाल पूछने, गतिविधियों में भाग लेने और खुद करके सीखने के लिए प्रेरित किया.

कठिन से कठिन विषयों को भी उदाहरण, मॉडल, गतिविधि और रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर समझाया गया, ताकि बच्चों के लिए पढ़ाई आसान हो सके.

पुष्पा प्रसाद की कोशिश रहती थी कि कक्षा में हर बच्चा सक्रिय रहे. जो बच्चे किसी विषय को समझने में पीछे रह जाते थे, उनके लिए अलग तरीके से समझाने की कोशिश की जाती थी.

पढ़ाई के साथ बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सवाल पूछने की आदत विकसित करना और अपनी बात खुलकर रखने के लिए प्रेरित करना भी उनके शिक्षण का अहम हिस्सा रहा.

नवाचार का असर बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यवहार में भी दिखाई देने लगा. कक्षा में बच्चों की भागीदारी बढ़ी और पढ़ाई को लेकर उनकी दिलचस्पी भी बढ़ी.

पुष्पा प्रसाद ने शिक्षा को सिर्फ ब्लैकबोर्ड और किताबों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए बच्चों को सीखने के नए अवसर देने की कोशिश की.

यही वजह है कि उनके काम को स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिली और आखिरकार उनका चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ.

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुष्पा प्रसाद को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया, तो यह सिर्फ एक शिक्षिका का सम्मान नहीं था, बल्कि गोपालगंज के शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का क्षण बन गया.

पुष्पा प्रसाद के साथ बिहार की शिक्षिका खुशबू कुमारी को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. दोनों महिला शिक्षिकाओं की यह उपलब्धि बिहार के उन तमाम शिक्षकों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच भी बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं.

एक शिक्षक की पहचान सिर्फ इस बात से नहीं होती कि वह कितने बच्चों को पढ़ाता है, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह बच्चों के अंदर सीखने की कितनी ललक पैदा करता है.

गोपालगंज की पुष्पा प्रसाद ने अपने नवाचार आधारित शिक्षण से यही साबित किया है.

कक्षा में नए प्रयोग... बच्चों को समझाने का अलग अंदाज... और शिक्षा को रोचक बनाने की लगातार कोशिश...

इन्हीं प्रयासों ने आज उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है.

नवाचार से बच्चों को पढ़ाने वाली गोपालगंज की पुष्पा प्रसाद को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित.

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलने के बाद अब उम्मीद है कि पुष्पा प्रसाद के शिक्षण के इन प्रयोगों से दूसरे शिक्षक भी प्रेरणा लेंगे और कक्षाओं में पढ़ाई को और अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेंगे.

गोपालगंज की बेटी और शिक्षिका पुष्पा प्रसाद की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-