BIHAR NEWS : बिहार में फॉरेंसिक क्षेत्र को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, जल्द खुलेगी नेशनल फॉरेंसिक यूनिट, लाइसेंस प्रक्रिया भी होगी पारदर्शी
पटना:बिहार में फॉरेंसिक जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. अपर मुख्य सचिव (गृह विभाग) अरविंद चौधरी ने कहा कि हाल ही में आयोजित दो दिवसीय फॉरेंसिक कार्यक्रम से राज्य को कई महत्वपूर्ण लाभ मिले हैं. उन्होंने बताया कि भारत सरकार पहले ही नेशनल फॉरेंसिक यूनिट की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है और बिहार में इसकी एक यूनिट बहुत जल्द शुरू की जाएगी.
अरविंद चौधरी ने कहा कि इस दो दिवसीय फॉरेंसिक सेमिनार में देशभर से विशेषज्ञों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए. इससे बिहार में फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और जांच प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक व प्रभावी बनेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से अपराधों के निष्पादन और साक्ष्य संग्रह में गुणवत्ता आएगी.
उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार लगातार फॉरेंसिक लैब के विकास और आधुनिकीकरण पर ध्यान दे रही है,ताकि अपराध जांच में तेजी लाई जा सके. आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से पुलिस को सटीक और समयबद्ध रिपोर्ट मिल सकेगी.
इसके साथ ही उन्होंने हथियार लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया पर भी बात की. उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि जो भी व्यक्ति हथियार का लाइसेंस लेना चाहता है,उसे समय पर लाइसेंस मिलना चाहिए. इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिक भी शामिल हैं.
अरविंद चौधरी ने कहा कि इस प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जाती है ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो. सरकार का लक्ष्य है कि सभी प्रशासनिक सेवाएं समयबद्ध और सुगम तरीके से आम जनता तक पहुंचे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





