Hindi News / हत्या के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप, पीड़िता ने SSP से लगाई...

BIHAR NEWS : हत्या के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप, पीड़िता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: राजधानी में हत्या के एक मामले पर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. बैरिया की रहने वाली पीड़िता सुनयना देवी ने गोपालपुर थाना पुलिस पर आरोप लगाये हैं. महिला का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय उन्हें पहले ही सूचना देकर रफा-दफा कर देती है.

शुक्रवार को सुनयना देवी पटना एसएसपी कार्यालय पहुंची और जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाई. उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में दबंगों ने घर में घुसकर उनके और उनकी बहू के साथ मारपीट की थी. इस घटना में गंभीर रूप से घायल उनकी बहू शोभा देवी की इलाज के दौरान 9 अप्रैल 2023 को मौत हो गई थी।

पीड़िता के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना सिविल कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट जारी किया है. इसके बावजूद एक महीने से पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है. उनका आरोप है कि कई बार आरोपियों की लोकेशन देने के बावजूद पुलिस टालमटोल कर समय पर नहीं पहुंचती.

सुनयना देवी ने यह भी कहा कि मुख्य आरोपी सुदीप कुमार के तिलक समारोह की सूचना और लोकेशन गुरुवार को पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम खत्म होने के घंटों बाद पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभाने पहुंची और फोटो खींचकर लौट गई.

पीड़िता ने कहा कि एक तरफ वह अपनी बहू को न्याय दिलाने के लिए दर-दर भटक रही हैं, वहीं आरोपी खुलेआम सामाजिक कार्यक्रम कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है.