Hindi News / 16 जुलाई से 150 सरकारी स्कूलों में शुरू होंगी लाइव क्लासेज

बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम : 16 जुलाई से 150 सरकारी स्कूलों में शुरू होंगी लाइव क्लासेज

Edited By:  |
bihar mein siksha k chetra mein bada kadam bihar mein siksha k chetra mein bada kadam

बिहार सरकार ने स्कूल शिक्षा को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत 16 जुलाई 2026 से पटना के 150 सरकारी विद्यालयों में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकें।

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस पहल के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा लाइव ऑनलाइन कक्षाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित अध्ययन सहायता, स्मार्ट डिजिटल कंटेंट, विषयवार नोट्स, मॉक टेस्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि JEE, NEET और CUET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी भी सरकारी विद्यालयों के छात्रों को इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से कराई जाएगी।

पटना के सभी 422 उच्च विद्यालयों मेंसुविधा का विस्तार करने पर जोर

सरकार की योजना है कि जुलाई 2026 के अंत तक इस सुविधा का विस्तार पटना जिले के सभी 422 उच्च विद्यालयों तक कर दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की संभावना बढ़ेगी.

10 मॉडल स्कूलों में JEE और NEET की शुरू होगीफ्री कोचिंग

इसके अलावा पटना के 10 मॉडल विद्यालयों में JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग भी शुरू की जाएगी. भविष्य में इस सुविधा का विस्तार राज्य के 146 मॉडल विद्यालयों तक करने की योजना है. वहीं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शास्त्रीनगर स्थित बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र को आधुनिक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही वहां एस्ट्रो टर्फ के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। सरकार का यह कदम शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला माना जा रहा है.