BIHAR NEWS : राजद की ओर से 17 फरवरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि समारोह बापू सभागार में-एजाज अहमद
पटना : बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि 17 फरवरी को राष्ट्रीय जनता दल की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर जी का पुण्यतिथि समारोह पटना के बापू सभागार में मनाया जाएगा. इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे. उन्होंने बताया कि पुण्यतिथि समारोह की अध्यक्षता प्रदेश राजद के अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल जी करेंगे.
एजाज ने आगे बताया कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की पुण्यतिथि समारोह की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है और लगातार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के नेतृत्व में बैठक कर कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की जा रही है और सभी को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं. इस पुण्यतिथि समारोह के प्रति राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी जोश- खरोश देखा जा रहा है और सभी जिलों से नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पटना पहुंच रहे हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि पटना की सड़कों पर होर्डिंग,बैनर के माध्यम से जननायक कर्पूरी ठाकुर पुण्यतिथि समारोह की तैयारी के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किये जा रहे हैं,और कर्पूरी जी के विचारों पर चलने वालों से समारोह में शामिल होने की अपील की जा रही है.
प्रवक्ता ने आगे बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पार्टी कार्यालय सहित पटना की सड़कों पर बैनर और होर्डिंग बड़ी संख्या में लगाए गए हैं. और पूरे जोश और ऊर्जा के साथ कर्पूरी जी के विचारों और संकल्पों को मजबूती प्रदान करने और लालू जी के सामाजिक न्याय के साथ राष्ट्रीय जनता दल शोषितों , वंचितों, दलितों, अतिपिछड़ों को आर्थिक न्याय दिलाने के लिए तेजस्वी जी के नेतृत्व में संघर्ष और आंदोलन को धार देने के लिए राष्ट्रीय जनता दल कृत संकल्पित है.





