“प्रशासन” लिखी स्कॉर्पियो गाड़ी से हवाई फायरिंग : गोपालगंज पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Edited By:  |
"prashasan" likhi scorpiyo gadi se hawai fairing "prashasan" likhi scorpiyo gadi se hawai fairing

गोपालगंज : बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां “प्रशासन” लिखी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद कोर्ट के पेशकार समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

दरअसल मामला गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित ब्रह्मस्थान के समीप का है, जहां शुक्रवार की संध्या कुछ अज्ञात अपराधियों ने “प्रशासन” लिखी स्कॉर्पियो से अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में थे और इलाके में अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की भी आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए उत्पाद कोर्ट के पेशकार समेत दो आरोपियों को पकड़ा है. वहीं स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है.

नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर खुद पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं इस पूरे मामले में सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि कल संध्या नगर थाना क्षेत्र के बंजारी ब्रह्मस्थान के समीप कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हर्ष फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में अग्रेषित किया जा रहा है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है,लेकिन घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है.

पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अब देखना होगा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है और इस पूरे मामले में और क्या खुलासे सामने आते हैं.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट—