BIHAR NEWS : मीडिया लोकतंत्र की मजबूत नींव, बिना इसके व्यवस्था अधूरी – मंत्री श्रवण कुमार
पटना : सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि मीडिया बंधु दिन-रात मेहनत करके समाज और राष्ट्र की सेवा करते हैं. उनके योगदान के बिना लोकतंत्र की मजबूती की कल्पना अधूरी है. समाज और राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण होती है. ये जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतू है. मीडिया जनता की समस्याओं, उपेक्षाओं और भावनाओं को सरकार तक पहुंचाती है. मंत्री श्रवण कुमार बिहारशरीफ के ममता होटल के सभागार में जिले के मीडिया बंधुओं से मुलाकात के दौरान शुक्रवार को ये बातें कही. यह कार्यक्रम पत्रकार संघ की तरफ से आयोजित कराया गया था.
इस मौके पर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष, संरक्षक, संघ के सदस्यों, पत्रकारों, संपादकों, फोटोग्राफरों, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिन्ट मीडिया के प्रतिनिधियों ने उन्हें माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान मंत्री का सम्मानपूर्वक गर्मजोशी से अभिनन्दन किया गया.
पूर्व सीएम ने बढ़ाई पत्रकारों की सम्मान राशि
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने पत्रकारों को प्रोत्साहन और सम्मान देने के लिए बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना चलाई, जिसके तहत पेंशन राशि को 6 हजार रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया गया है. जिला पत्रकार संघ की ओर से छह सूत्री मांग पत्र भी मंत्री को सौंपा गया है.
कार्यक्रम में संघ के मुख्य संरक्षक चन्द्रमणी पाण्डेय,संरक्षक रमाशंकर प्रसाद,सुनील कुमार,महफूज आलम,सूजीत कुमार वर्मा,जिला पत्रकार संघ नालन्दा के अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद,सचिव,संजीव प्रसाद सिंह,कोषाध्यक्ष मो. जमाउद्दीन,ममता होटल के संचालक व समाज सेवी दिलीप कुमार,रजनीकान्त उर्फ पप्पु,वीरेन्द्र कुमार,अर्जुन कुमार,मुकेश मानस,अजित केसरी,प्रमोद झा,मोहम्मद निसार अंसारी,विनोद कुमार,श्रवण लाल,दिलीप कुमार,ऋषिकेश कुमार सहित कई लोगों ने संबोधित किया.





