Hindi News / अगले 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की होगी बहाली, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी...

बिहार में शिक्षा सुधार की बड़ी तैयारी : अगले 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की होगी बहाली, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की हाई लेवल समीक्षा बैठक

Edited By:  |
Big preparations for education reform in Bihar Big preparations for education reform in Bihar

बिहार में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार ने शिक्षा सुधार को लेकर कई अहम फैसले लिए हैं, जिनका असर आने वाले वर्षों में पूरे राज्य की स्कूली व्यवस्था पर देखने को मिलेगा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले 5 वर्षों में राज्य में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी। सरकार की योजना है कि जुलाई महीने में हर वर्ष शिक्षक नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।महिला शिक्षकों की समस्याओं को देखते हुए सरकार नई स्थानांतरण नीति लाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि महिला शिक्षकों को उनके गृह जिले के नजदीकी पंचायतों में पोस्टिंग देने की व्यवस्था बनाई जाए। इससे महिला शिक्षकों को पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार केवल महिला शिक्षकों तक ही सीमित नहीं रही। बैठक में यह भी तय किया गया कि पुरुष शिक्षकों के लिए भी गृह प्रखंड या आसपास के क्षेत्रों में स्थानांतरण की नीति तैयार की जाएगी। इससे शिक्षकों को लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिल सकती है।विद्यालयों में छात्रों को मिलने वाली पोशाक की आपूर्ति अब जीविका समूहों के माध्यम से कराने का निर्देश दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे एक ओर स्कूलों में व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सरकार ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल शिक्षा सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए महिला सशक्तिकरण और रोजगार को भी बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। जीविका समूहों को जोड़ने से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट