BIHAR NEWS : बिहार में 993 सिपाही (प्रचालक) होंगे भर्ती, जानिए कैसे करें आवेदन
पटना : राज्य में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के स्तर से इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मार्च से शुरू हो रही है, जो 31 मार्च 2026 तक चलेगी. चयन पर्षद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. इस पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडियट (विज्ञान) होनी चाहिए. अभ्यर्थियों को भौतिकी, रसायन और गणित विषयों में न्यूनतम 50 फीसदी और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 45 फीसदी अंक के साथ उतीर्ण होना अनिवार्य होगा.
चयन पर्षद से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. लिखित परीक्षा का स्तर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के आईएसी स्तर की होगी. इस परीक्षा के प्रश्न-पत्र में 25 प्रश्न सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक मुद्दों से संबंधित होंगे तथा 25-25 प्रश्न इंटरमीडिएट स्तर की भौतिकी, रसायन और गणित विषयों से संबंधित होंगे. प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाएगा. मेधा सूची का गठन लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्तियों के अनुरूप आरक्षण कोटिवार किया जाएगा. दूसरे चरण में लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर यथासंभव विज्ञापित रिक्तियों का आरक्षण कोटिवार प्रत्येक कोटि के लिए 5 गुणा सफल अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए किया जायेगा.
408 पद गैर आरक्षित, महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण
सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर चयन के लिए गैर आरक्षित पदों की संख्या 408, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 99, अनुसूचित जाति के 157, अनुसूचित जनजाति के 10, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 175, पिछड़ा वर्ग के 113 और पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए 31 पद निर्धारित किए गए हैं. कुल पदों में बिहार की मूल निवासी महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण के आधार पर 338 पद और स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित के लिए भी क्षैतिज आरक्षण के आधार पर 20 पद रखे गये हैं.





