Hindi News / 211 डिग्री कॉलेजों में 2,451 नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू

बिहार ने रचा उच्च शिक्षा का नया इतिहास : 211 डिग्री कॉलेजों में 2,451 नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू

Edited By:  |
bihar ne racha uchh siksha ka naya itihas bihar ne racha uchh siksha ka naya itihas

पटना:जिले के बापू सभागार में राज्य के 211 नवसृजित डिग्री महाविद्यालयों में नियुक्त 2,451 नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस पहल को बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य में नए डिग्री महाविद्यालयों के संचालन और उनमें शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया। 211 नवसृजित डिग्री कॉलेजों में एक साथ सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।

बताया गया कि बिहार एक दिन में 211 डिग्री कॉलेज शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार का जोर इन महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर है।

उन्मुखीकरण कार्यक्रम के माध्यम से नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों को उनके दायित्वों, शिक्षण व्यवस्था और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य नए शिक्षकों को संस्थागत व्यवस्था से परिचित कराते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए तैयार करना है।

सरकार की ओर से कहा गया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार बिहार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नए डिग्री कॉलेजों के माध्यम से अधिक विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

नई शैक्षणिक संस्थाओं और शिक्षकों की नियुक्ति से राज्य के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। सरकार ने इसे बिहार की नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण से जोड़ते हुए विकसित और समृद्ध बिहार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट