Hindi News / सावधान!,लेफ्ट फ्री में एक मिनट भी गाड़ी लगाई तो कटेगा 10 हजार...

रांची में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन प्लान तैयार : सावधान!,लेफ्ट फ्री में एक मिनट भी गाड़ी लगाई तो कटेगा 10 हजार का चालान

Edited By:  |
RANCHI MEIN TRAFFIC POLICE KA NAYA ACTION PLAN TAIYAR RANCHI MEIN TRAFFIC POLICE KA NAYA ACTION PLAN TAIYAR

रांची: ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कमर कस ली है. त्योहारों के मौसम में सबसे अधिक परेशानी जाम के कारण ही होती है. ऐसे में इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन प्लान बनाया है, जिस पर अमल भी शुरू कर दिया गया है. इसके तहत लेफ्ट फ्री में अगर कोई वाहन एक मिनट भी खड़ा मिला, तो मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस उसकी तस्वीर खींचकर उसका चालान काट देगी. सामान्य तौर पर यह चालान 650 रुपये से 10000 रुपये तक का हो सकता है.

12 से अधिक स्थानों पर है लेफ्ट फ्री

लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए राजधानी के कई चौक पर लेफ्ट फ्री किया गया है. राजधानी में करमटोली चौक, जेल चौक, SSP आवास चौक, हॉट लिप्स चौक, सहजानंद चौक, अरगोड़ा चौक, सुजाता चौक, सर्जना चौक, सिरमटोली चौक (मुंडा चौक), कांटाटोली चौक, लालपुर चौक पर लेफ्ट फ्री किया गया है, ताकि रेड सिग्नल के समय बाएं जाने वाले वाहनों को रूकना न पड़े. लेकिन वाहन चालकों में सिविक सेंस नहीं होना या बिना मतलब का फोकाल दिखाना इसका मुख्य कारण है.

चौक के सामने भी वाहन खड़े मिले, तो कटेगा चालान

चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से ऑटो और टोटो खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई की जायेगी. इतना ही नहीं, किसी चौक के सामने सामान्य लोगों के दोपहिया या चारपहिया वाहन खड़े मिले, तो उनके खिलाफ भी चालान की कार्रवाई होगी. ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों की तस्वीर खींचकर चालान के लिए अपलोड करेगी और उनका चालान काट दिया जाएगा. चालान की जानकारी SMS के जरिए वाहन चालक के मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी.

इन वाहनों पर भी होगी कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और रैश ड्राइविंग करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करेगी. साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने, निर्धारित सीट से अधिक यात्रियों को बैठाने तथा नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की जायेगी. ऑटो और टोटो चालकों के यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर भी कार्रवाई होगी.

टेप लगे नंबर प्लेट वाले वाहन पर विशेष नजर

चालान से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा. ऐसे वाहनों पर MV ACT के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

स्कूल खुलने-बंद होने के समय रहेगी विशेष निगरानी

सभी ट्रैफिक थाना प्रभारी स्कूल शुरू और छुट्टी होने के समय अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे. चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जायेगी.

क्या कहते हैं ट्रैफिक SP

ट्रैफिक SP राकेश सिंह ने बताया कि लेफ्ट फ्री में वाहन खड़ी करने पर सामान्य रूप से नो पार्किंग का नॉर्मल फाइन 650 रुपये लगता है. यदि लेफ्ट फ्री में वाहन खड़ी करने पर कोई एंबुलेंस या इमरजेंसी वाहन रूकते हैं, तो ऐसी स्थिति में 10,000 रुपये फाइन का प्रावधान है.