BIG NEWS : डिजिटल अरेस्ट कर 78 वर्षीय महिला से 2.66 करोड़ की ठगी, दो साल बाद हुगली से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Patna : पटना साइबर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 2.66 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम राय के रूप में हुई है,जो हुगली के सेरामपोर इलाके का रहने वाला है.
मामला नवंबर 2024 का है. पटना के राजेंद्र नगर निवासी ज्योति वर्मा को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक और बाद में जांच एजेंसियों का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला दर्ज है. इसके बाद साइबर अपराधियों ने उन्हें डराने के लिए फर्जी अरेस्ट वारंट,सुप्रीम कोर्ट और रिजर्व बैंक के नाम से नकली दस्तावेज भी भेजे.
अपराधियों ने महिला को यह विश्वास दिलाया कि वह एक गंभीर जांच के दायरे में हैं और उन्हें किसी से भी इस बारे में बात नहीं करनी चाहिए. यहां तक कि उन्हें घर से बाहर निकलने से भी रोक दिया गया और कई दिनों तक डिजिटल अरेस्ट की स्थिति में रखा गया. लगातार दबाव और धमकियों के बीच महिला से चेक और आरटीजीएस के माध्यम से अलग-अलग खातों में कुल 2.66 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए.
बाद में एक परिचित के घर पहुंचने पर पूरी ठगी का खुलासा हुआ,जिसके बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. करीब दो वर्षों तक तकनीकी जांच और निगरानी के बाद पुलिस को आरोपी के हुगली में होने की सूचना मिली. विशेष टीम ने वहां पहुंचकर शुभम राय को गिरफ्तार कर लिया.
पटना साइबर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





