BIG NEWS : पटना में टीआरई-4 के विज्ञापन के लिए अभ्यर्थियों ने किया हंगामा,पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई छात्र घायल
पटना: इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहांबिहार लोक सेवा आयोग द्वारा शिक्षक भर्ती के चौथे चरण के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. राजधानी के जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया. इस दौरान कई छात्रों को चोट लगी है.
टीआरई-4 अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को जेपी गोलंबर पर हंगामा किया. अभ्यर्थियों ने पुराने पैटर्न पर परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों ने विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है. पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर अभ्यर्थियों को पीटा. मौके पर काफी अफरा-तफरी मची है. कई अभ्यर्थियों के घायल होने की खबर है. जेपी गोलंबर के आसपास यातायात प्रभावित हुआ है. बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं. इलाके में तनाव का माहौल है. टीआरई-4 अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रशासन मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि टीआरई-4 के लिए बीपीएससी लगातार झूठ बोल रहा है. 13 लाख से अधिक छात्रों को गुमराह किया जा रहा है . बार-बार विज्ञापन जारी करने के लिए नई तारीख बताई जा रही है. 2024 से अधियाचना मिलने की बात की जा रही है.
हाल ही में परीक्षा नियंत्रक ने कहा था कि 19 अप्रैल को विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा. 25 या 26 अप्रैल से फॉर्म भरना शुरु होगा. लेकिन 8 मई तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया. इसी को लेकर हम आज पटना जाम करने पहुंचे हैं.
गौरतलब है कि टीआरई-4 में कुल चार विभागों में 46 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी. शिक्षा विभाग,पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग,अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में ये बहाली होंगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





