रामगढ़ : बड़ी खबर झारखंड से है जहां गिरीडीह के बगोदर-सरिया रोड पर अम्बाडीह मोड़ के पास शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सड़क हादसे में रामगढ़ पतरातु के रहने वाले एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में डेढ़ साल का छोटा बच्चा भी शामिल है.
जानकारी के अनुसार छोटकी सरिया निवासी आशीष कुमार बर्णवाल अपनी पत्नी श्वेता बर्णवाल और डेढ़ वर्षीय बेटे पलटू के साथ गिरिडीह के सरिया जा रहे रहे थे. इसी दौरान अम्बाडीह मोड़ के निकट उनकी तेज़ रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. वहीं घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से बाहर निकाला. आनन-फानन में सभी को बगोदर सीएचसी ट्रॉमा सेंटर लाया गया. लेकिन तब तक श्वेता बर्णवाल और मासूम बच्चे पलटू की मौत हो चुकी थी. आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल थे. जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद 108 एम्बुलेंस से हजारीबाग रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में वो भी दम तोड़ दिया. इसके बाद रामगढ़ पतरातू में शोक की लहर है.
