Hindi News / बिहार के CM आवास को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल द्वारा सूचना...

BIG BREAKING : बिहार के CM आवास को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल द्वारा सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Edited By:  |
big breaking big breaking

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्यमंत्री आवास और बिहार सचिवालय को निशाना बनाकर भेजे गए एक कथित धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है. ईमेल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया गया है. साथ ही खालिस्तान समर्थक नारे और भड़काऊ संदेश भी लिखे गए हैं.

जानकारी के अनुसार,यह ईमेल बिहार सरकार के कुछ आधिकारिक ईमेल पतों पर भेजा गया था. इसमें मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय में विस्फोट करने की धमकी दी गई है. मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई. सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर की गहन जांच की और आने-जाने वालों की सघन तलाशी शुरू कर दी. सचिवालय परिसर में भी अतिरिक्त पुलिस बल,बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया.

सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की तकनीकी जांच में जुट गई हैं. साइबर सेल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल किस स्थान और किस नेटवर्क से भेजा गया. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी के पीछे किसी संगठित नेटवर्क का हाथ है या फिर यह केवल दहशत फैलाने की कोशिश है.

फिलहाल प्रशासन ने किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए मुख्यमंत्री आवास और अन्य संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और कड़ी कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

हालांकि,अभी तक जांच एजेंसियों ने यह पुष्टि नहीं की है कि धमकी वास्तविक थी या केवल अफवाह फैलाने के उद्देश्य से भेजी गई थी. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-