गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां कांडी थाना क्षेत्र के जतरो गांव में अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से वृद्ध दंपति की हत्या कर दी है. घटना से इलाके में सनसनी मच गई है. घटना के पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. घटना की एसपी दीपक पाण्डेय ने पुष्टि की है.

बताया जा रहा है कि कांडी थाना क्षेत्र के जतरो गांव में मृतक हिरा रजवार एवं कलावती देवी प्रतिदिन की भांति नीलगाय से अपने खेत की रखवाली करने के लिए रात्रि अपने खेत पर आए हुए थे. सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से सो रहे दोनों वृद्ध दम्पति पर हमला कर दिया. इससे दोनों की मौत हो गई. घटना की जानकारी तब लगी जब उसके बेटे को लगा कि बहुत देर हो गया है उनके माता पिता अभी तक घर नहीं आये है. तब उसने जब खेत पर जाकर देखा तो माता पिता का शव पड़ा हुआ मिला. इसके बाद उसने तत्काल इसकी जानकारी गांव वालों एवं पुलिस को दी. इसके बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ इक्कठा हो गई और मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. घटना के बाद जिला से एफएसएल की टीम को गढ़वा से बुलाया गया है और सभी साक्ष्य को एकत्रित कर बारीकी से अनुसन्धान किया जा रहा है.

घटना के संबंध में मृतक के पुत्र ने कहा कि हमें नहीं मालूम कि आखिर मेरे माता-पिता को किसने और क्यों मारा. क्योंकि मेरा किसी से कोई विवाद नहीं था. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक नरेश सिंह वहां पहुंचे और कहा कि लगता है यह भूमि विवाद का मामला है. पुलिस जांच कर रही है. ये लोग बहुत गरीब थे. पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या यह भूमि विवाद का मामला लगता है. पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है. बहुत जल्द इसका खुलासा किया जाएगा.