BIG BREAKING : बिहार की 3 बंद चीनी मिलें जल्द होगी शुरु, सीएम सम्राट ने विधान परिषद में किया बड़ा ऐलान
पटना:बिहार विधान परिषद में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों को लेकर बड़ा एलान किया है. उन्होंने कहा कि गोपालगंज,सकरी और रैयाम की तीन बंद चीनी मिलों को जल्द चालू किया जाएगा. इसके लिए केंद्र सरकार की एक संस्था के साथ जल्द ही समझौता (एमओयू) किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने यह घोषणा विधान पार्षद शशि यादव के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में की. सरकार का मानना है कि इन मिलों के फिर से शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गन्ना किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा.
सदन में नल-जल योजना के रखरखाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सदस्यों ने योजना की जिम्मेदारी दोबारा वार्ड सदस्यों को सौंपने की मांग की. उनका तर्क था कि बाहरी एजेंसियों की तुलना में वार्ड सदस्य अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को बेहतर तरीके से समझते हैं. इस पर पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने वर्तमान व्यवस्था की जानकारी दी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पंचायती राज विभाग और पीएचईडी विभाग के साथ बैठक कर इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा और सदन के सदस्यों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा.
विधान परिषद में युवाओं के बीच बढ़ते सूखे नशे का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठा. राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में गांजा,अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है,जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है. इस दौरान उनके एक बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन में कुछ देर के लिए तीखी नोकझोंक भी हुई.
इस तरह मंगलवार को विधान परिषद में बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार,नल-जल योजना के संचालन और राज्य में बढ़ते नशे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कई मामलों में सकारात्मक पहल और जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





