भाकपा उग्रवादियों ने दी चेतावनी : चतरा के एक परिवार में माओवादी धमकी और फायरिंग से दहशत,मुख्यमंत्री से लगाई सुरक्षा की गुहार

Edited By:  |
bhakpa ugrwadiyon ne di chetawni bhakpa ugrwadiyon ne di chetawni

चतरा: जिले के कुन्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेन्द्रा गांव में एक परिवार ने भाकपा उग्रवादियों द्वारा फायरिंग और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार ने राज्य सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई है. पीड़िता रेखा देवी ने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है और सुरक्षा की गुहार लगाई है. रेखा देवी ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी आवेदन भेजकर जांच की मांग की है. साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई है.

उग्रवादियों ने घर पर चिपकायापर्चा

जानकारी के अनुसार पीड़िता रेखा देवी अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि 28 दिसंबर 2025 की रात कथित रूप से उग्रवादियों ने उनके घर को घेरकर गोलीबारी की थी. जिसमें उनके पति श्याम भोक्ता और भाई गोपाल भोक्ता घायल हो गए थे. परिजनों द्वारा दोनों घायलों को रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था.पीड़िता का कहना है कि ठीक 11 फरवरी 2026 की रात भी उनके घर की दीवार पर एक पर्चा चिपकाया गया. पर्चा में पूरे परिवार को गांव छोड़ने की चेतावनी दी गई. अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है.

परिवार के लोगोंं की पहले भी हो चुकी हत्या

इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 1998 में उनके दादा ससुर स्वर्गीय मोहन गंझू और साल 2004 में उनके जेठ महेंद्र भोक्ता की उग्रवादियों ने हत्या कर दी थी. भाकपा उग्रवादी एक के बाद एक परिवार के सभी लोगों की जान लेने पर है.रेखा देवी का कहना है कि इस संबंध में कुन्दा थाना को आवेदन दिया गया था. लेकिन, अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पूरे परिवार पर खतरा मंडरा रहा है.