BANKIPUR UPCHUNAV RESULT : 13वें राउंड तक प्रशांत किशोर की बढ़त, जन सुराज कार्यालय में जश्न
पटना:बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना लगातार रोमांचक होती जा रही है। शुरुआती रुझानों से ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं और 12वें राउंड की मतगणना तक उन्होंने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है। अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार प्रशांत किशोर को 23,756 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 17,110 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रशांत किशोर 6,646 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा कुमारी 4,850 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
मतगणना पटना के ए.एन. कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी, बहुस्तरीय सुरक्षा और केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
प्रशांत किशोर की लगातार बढ़ती बढ़त के बाद पटना स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। समर्थक नारेबाजी, ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ जीत का उत्सव मनाते नजर आए। दूसरी ओर, भाजपा खेमे को उम्मीद है कि शेष राउंड में मुकाबला पलट सकता है।
इस उपचुनाव पर पूरे बिहार की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। शुरुआती रुझानों में भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि अंतिम नतीजा सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित होगा। फिलहाल, मुकाबले में जन सुराज पार्टी स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।





