सावन की पहली सोमवारी पर दर्दनाक हादसा : बागमती नदी में डूबे 2 किशोर लापता, SDRF की टीम तलाश में जुटी
मोतिहारी:बड़ी खबर मोतिहारी से सामने आई है जहाँ जलाभिषेक के लिए जल भरने गए दो युवक नदी में डूब गए और अब भी लापता है. घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम डूबे युवकों की तलाश में जुटी है.
आपको बता दें कि सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर पताही प्रखंड क्षेत्र के देवापुर पंचायत स्थित बागमती नदी के संगम घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया. बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक के लिए जलबोझी करने आए तीन किशोर नदी में डूब गए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सावन की पहली सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवापुर संगम घाट पर जल भरने पहुंचे थे. इसी दौरान जलबोझी करने आए तीन किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. हालांकि,उनमें से एक किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा,जबकि दो अन्य किशोर नदी की तेज धारा में लापता हो गया.
लापता किशोरों की पहचान ललबेगिया गांव निवासी कमलेश कुमार (17 वर्ष) और रौशन कुमार (14 वर्ष) के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में कोहराम मच गया. मौके पर मौजूद ग्रामीणों और नाविकों द्वारा तुरंत खोजबीन शुरू कर दी गई,लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया. संगम घाट पर अंचलाधिकारी (सीओ) रितेश कुमार सेठ एवं पचपकरी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से तलाश अभियान तेज कराया.
इसके साथ ही प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है,ताकि पेशेवर तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता किशोरों का पता लगाया जा सके. नदी में तेज धारा और गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं.
घटना के बाद ललबेगिया गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजन बदहवास हैं और लगातार प्रशासन से बच्चों को जल्द खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं. सावन के पावन मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी से दूर रहें.
मोतिहारी से अमित कुमार की रिपोर्ट-





