Hindi News / भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में लोगों...

बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में लोगों से की वोट देने की अपील

Edited By:  |
bankipur upchunav bankipur upchunav

पटना:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में जनता से मतदान की अपील करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता ने उन्हें हमेशा प्यार,स्नेह और आशीर्वाद दिया है. अब समय आ गया है कि वही विश्वास और समर्थन पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को भी मिले.

नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें बांकीपुर की जनता की सेवा करने का अवसर मिला और इस दौरान क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया गया. उन्होंने कहा कि सड़क,बिजली,आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए कई विकास कार्य कराए गए. यही वजह है कि बांकीपुर की जनता का बीजेपी पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है.

उन्होंने कहा कि अब पार्टी ने मंडल अध्यक्ष रहे नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर की जनता नीरज सिन्हा को भी उसी तरह प्यार,स्नेह और आशीर्वाद देगी,जैसा उन्हें मिलता रहा है. उन्होंने नीरज सिन्हा को अपना "छोटा भाई" बताते हुए कहा कि जनता उन्हें भी सेवा का अवसर दे,ताकि विकास की गति लगातार बनी रहे.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं,बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र का समग्र विकास करना है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने हमेशा विकास और सुशासन की राजनीति की है और आगे भी इसी संकल्प के साथ काम करती रहेगी.

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बीजेपी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है. पार्टी नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति तैयार कर रहा है. नितिन नवीन के इस बयान को चुनाव प्रचार का अहम संदेश माना जा रहा है,जिसमें उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से नीरज सिन्हा के पक्ष में समर्थन देने की अपील की.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--