बांकीपुर का रण : वोटिंग की रफ्तार धीमी, सुबह 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान,मंत्री, सांसद और विधायक ने डाला वोट
पटना: बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है. बांकीपुर के 3,79,616 मतदाता 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. सुबह से बूथों पर युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और फर्स्ट टाइम वोटर्स की लाइन दिख रही है. इस सीट पर मुख्य मुकाबला एनडीए से बीजेपी के नीरज सिन्हा,महागठबंधन से आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच मानी जा रही है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी. ठाकुर और नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने बिहार राज्य पुस्तकालय प्राधिकार,डाकबंगला मतदान केंद्र पर मतदान किया. जेडीयू विधायक श्याम रजक ने फुलवारीशरीफ और मंत्री रामकृपाल यादव ने जीसस मैरी कॉन्वेंट स्कूल में वोट डाला.
बांकीपुर उपचुनाव में शुरुआती चार घंटों में सिर्फ 11.5 प्रतिशत ही मतदान हुए हैं. वहीं, बीजेपी के गढ़ माने जाने वाला किदवईपुरी, पीएनटी कालोनी, कदमकुआं, एएन कॉलेज आदि क्षेत्रों में बीजेपी और जनसुराज के समर्थकों में नोकझोंक की शिकायत पुलिस प्रशासन को मिली है.
किदवईपुरी में बीजेपी-जनसुराज के समर्थकों में पुलिस के सामने धक्का-मुक्की तक हो गई. जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि, "लोगों की शिकायत है कि जहां भी जन सुराज का समर्थन करने वाले वोटर इकट्ठा होते हैं, पुलिस उन्हें परेशान करती है. सिर्फ कल शाम से अब तक पुलिस ने 20 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया है. इसके बावजूद, स्थिति बिल्कुल साफ़ है कि बीजेपी की जबरदस्त हार होने वाली है.
जनसुराज के दो दर्जन कार्यकर्ताओं को बुधवार की शाम पुलिस हिरासत में ले ली है. बांकीपुर सीट राज्य के सबसे कम मतदान वालों में शुमार है. पिछले वर्ष 41 प्रतिशत कुल मतदान हुआ था और पहले चार घंटे में 14 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर गया था.





