Hindi News / 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने पर जोर,ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों तक बिजली पहुंचाना...

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सख्त निर्देश : 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने पर जोर,ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों तक बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

Edited By:  |
mukhyamantri hemant soren ka sakht nirdesh mukhyamantri hemant soren ka sakht nirdesh

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में ऊर्जा विभाग के अद्यतन कार्यों एवं योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. होमंत सोरेन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र राज्य के आर्थिक, औद्योगिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए बिजली उत्पादन, संचरण एवं वितरण व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जाए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य में 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बिजली कटौती एवं अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए. उन्होंने कहा कि बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि, ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए.

हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों तक भी निर्बाध बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने ऊर्जा विभाग को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बिजली कटौती से संबंधित शिकायतों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का और उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में 24 घंटे के अंदर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाना चाहिए,ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

सीएम ने बोकारो, धनबाद और हजारीबाग में ट्रांसमिशन लाइन एवं ग्रिड निर्माण में भूमि संबंधी समस्या को 10 दिनों के भीतर दूर कर परियोजनाओं में तेजी लाने का भी निर्देश दिया है.