Bihar News : बाढ़ के बाद अब आंधी-तूफान का सितम, तेज बारिश में उड़ गये तंबू, बाढ़ पीड़ितों की बढ़ी मुश्किलें
KATIHAR : कटिहार के कुर्सेला प्रखंड में सोमवार की रात तेज आंधी-तूफान और बारिश ने बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें बढ़ा दी है। एकतरफ गंगा का प्रलय ऊपर आसमान से इंद्र का प्रलय के बीच कुर्सेला के बाढ़ पीड़ित जिंदगी और मौत से जूझ रहा हैं।
सोमवार की रात तेज आंधी-तूफान और बारिश से बाढ़ पीड़ित लोग खौफनाक माहौल में जीने को विवश हैं। बाढ़ पीड़ित परिवार ने बताया कि आंधी-तूफान के साथ बारिश इतनी जोर की थी कि नीचे नदी के पानी की लहरें तेज हो गयीं। गर्जन के साथ बिजली तड़क रही थी। बिजली चमक रही थी, गर्जन तेज थे।
वहीं, बारिश और आंधी आने से छप्पर, टेंट और तंबू उड़ गए लिहाजा बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें काफी बढ़ गयीं। बाढ़ पीड़ित परिवार ने बताया कि काफी कष्ट से जीवन गुजर बसर कर रहे हैं। जहरीले सांप और बिच्छुओं का डर सताता रहा। वहीं, आंधी-तूफान से कई जगह बिजली के खंभे, तार पर वृक्ष गिरने से 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे बाढ़ प्रभावित लोगों की बेचैनी और बढ़ गई है।
कुरसेला प्रखंड में बाढ़ का तांडव जारी है। संपूर्ण कुरसेला प्रखंड बाढ़ पानी में डूब चुका है। दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क भंग हो चुका है। हजारों घरों में लबालब पानी जम चुका है। कई बाढ़ पीड़ित परिवार सड़क बांध, रेलवे मालगोदाम, रेलवे मलिनिया डाला, आदि ऊंचे स्थानों पर यत्र-तत्र जाकर शरण लिए हैं। कई बाढ़ पीड़ित परिवार मकान की छत पर रह रहे हैं। कई बार पीड़ित परिवार घर-आंगन में ही मकान और चौकी को ऊंचा कर रह रहे हैं।
बाढ पीड़ित परिवार जिंदगी जीने के लिए काफी जद्दोजहद कर रहे हैं। गोबराही दियरा, पत्थर टोला, कमलाकान्ही, मजदिया, मिर्जापुर, मधेली, गुमटी टोला, मोकना टोला, खेरिया, तीनघरिया, महेशपुर, मजदिया, बाघमारा, कटारिया पंचकुटी आदि गांव लगभग 10 दिनों से बाढ़ के पानी में डूब चुका है। वहीं, बाढ़ प्रभावित गांवों का जिले से लेकर प्रखंड स्तर के पदाधिकारी क्षेत्र में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
अंचलाधिकारी अनुपम ने बताया कि 20 जगहों पर बाढ़ प्रवाहित क्षेत्र चिह्नित कर सामुदायिक किचन शिविर चलाया जा रहा है। जैसे-जैसे जरूरत पड़ रही है, वैसे-वैसे सामुदायिक किचन चिह्नित किया जा रहा है। बाढ़ पीड़ित के बीच पॉलिथीन का वितरण किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमरलाल के निर्देश पर मेडिकल कैंप लगाकर राहत दी जा रही है।