‘अबुआ दिशोम’ बजट : सीएम हेमंत सोरेन का दावा-इस बार का बजट झारखंड की जन-आकांक्षाओं को पूरा करेगा

Edited By:  |
abuwa disom budget abuwa disom budget

रांची: झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के पांचवें दिन सदन में हेमंत सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष-2026-27 का बजट पेश किया. इस बार के बजट की सीएम हेमंत सोरेन ने सराहना की है. सीएम ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा है कि यह बजट झारखंड की जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लाया गया. यह 'अबुआ दिशोम' बजट 2026-27 का है. वर्ष 2050 तक युवा झारखंड के समृद्ध बनने का सफर सुगम एवं तीव्रता से भरा हो. सीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए बजट में कई प्रावधान किए गए हैं. ताकि आने वाले समय में लोग धरातल पर होता भी देख सकेंगे. सीएम ने इस अवसर पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी है.

बजट में सामाजिक क्षेत्र पर विशेष फोकस

बता दें कि झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 58 हजार 560 करोड़ रुपये का ‘अबुआ दिशोम’ बजट पेश किया. मंत्री राधा कृष्ण किशोर का लगातार दूसरा बजट है. इससे पहले पिछले वर्ष उन्होंने 1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का मूल बजट प्रस्तुत किया था, जिसमें 91,741.53 करोड़ रुपये योजना मद के लिए और 17,073.61 करोड़ रुपये केंद्रीय योजनाओं से संबद्ध थे. इस बार के बजट में सामाजिक क्षेत्र पर विशेष फोकस रखा गया है.

केंद्र सरकार का आर्थिक सहयोग जरूरी

विधानसभा में अपने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि केंद्र सरकार का आर्थिक सहयोग जरूरी है, लेकिन अभी तक सही ढंग से सहयोग प्राप्त नहीं हुआ. 11 हजार करोड़ भी नहीं मिला. अनुदान की राशि भी काट दी जाती है. ऐसे में झारखंड के ऊपर वितीय बोझ बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि भले ही केंद्र सरकार झारखंड को सहयोग न करे, लेकिन हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोई कमी नहीं छोड़ी. विपक्ष कहता रहा कि सरकार का खजाना खाली है, लेकिन हमने किसी का वेतन नहीं रोका. हमने 13,000 करोड़ मंईयां सम्मान पर खर्च कर दिया. इसके बावजूद झारखंड के पास आज भी राशि मौजूद है.