BIHAR NEWS : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर पौधारोपण, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने दिया हरित संदेश

Edited By:  |
bihar news

पटना :पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर राजेंद्र नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य उनकी स्मृति को नमन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था.

इस अवसर पर विभागीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का‘एकात्म मानववाद’का सिद्धांत प्रकृति और मानव के बीच संतुलन स्थापित करने का संदेश देता है. उनके विचार आज भी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए प्रेरणास्रोत हैं.

इस अवसर पर पार्क परिसर में आम,चीकू,मॉलश्री,पुत्रजीवक एवं कपूर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए. उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है.

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक संजय कुमार गुप्ता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉफ) प्रभात कुमार गुप्ता, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक-सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अभय कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कैम्पा) सुरेंद्र कुमार सिंह, मुख्य वन्य संरक्षक (आईटी) एस. चंद्रशेखर, पटना वन प्रमंडल के डीएफओ गौरव ओझा, पटना पार्क प्रमंडल के डीएफओ राजीव कुमार सहित विभाग के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.