सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा : दो बाइक में सीधी टक्कर होने से 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर रुप से घायल

Edited By:  |
supol mai dardanaak sadak hadsa supol mai dardanaak sadak hadsa

सुपौल: इस वक्त की बड़ी खबरसुपौल से है जहां जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के नेमनवा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 327ए पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ है. दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटना स्थल पर जुट गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा. वहीं,मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-327ए पर यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया.

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. घायलों के बारे में भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मृतक और घायलों की शिनाख्त कराने में जुटी है तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.

थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.