सहरसा: चार नए लेबर कोड के खिलाफ गुरुवार को श्रमिकों ने पूरे देश में हड़ताल किया है. भारतीय ट्रेड यूनियन,किसान सभा एवं वामपंथी संगठनों द्वारा राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान पर सहरसा में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए. इन संगठनों के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को जाम करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है.

नए श्रम कोड के खिलाफ राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में सहरसा में प्रदर्शन, चौक-चौराहों को किया गया जाम

इस मौके पर किसान सभा के नेता रणधीर यादव ने गुरुवार को दोपहर में बताया कि राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान पर सभी संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में श्रम संहिता को वापस लेना,सार्वजनिक संस्थानों में मजदूर संगठनों की मान्यता बहाल करना,पुरानी पेंशन योजना लागू करना,न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सुनिश्चित करना तथा मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बढ़ाना शामिल है.

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवाते हुए मुख्य डाक घर ओर टेलीफोन कार्यालय को भी ठप करवा दिया.

सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट--